Crime
यौन शोषण के आरोप पर अनुराग कश्यप की सफाई.
यौन शोषण मामले में हुई वर्सोवा पुलिस थाने में पूछताछ के दूसरे दिन फिल्म मेकर अनुराग कश्यप की ओर से उनकी वकील प्रियंका खिमानी ने एक बयान जारी किया है, जिसमें अनुराग पर लगे सभी आरोपों को गलत और आधारहीन बताया है। बयान के मुताबिक अभिनेत्री ने अगस्त 2013 में जब तथाकथित घटना का होना बताई है, तब अनुराग कश्यप भारत मे थे ही नही, वे श्रीलंका में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। स्टेटमेंट में कहा गया है कि अनुराग कश्यप ने अपने दावे से जुड़े सभी जरूरी कागजात जांच अधिकारियों के पास जमा करा दिए हैं।आपको बता दे मुंबई के वर्सोवा थाने में अनुराग कश्यप से करीब 8 घंटों तक पूछताछ की गई थी।
अगस्त 2013 में श्रीलंका में थे अनुराग कश्यप
अनुराग कश्यप की वकील की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में अभिनेत्री ने उनके क्लाइंट पर आरोप लगाया है कि अगस्त 2013 में मेरे क्लाइंट अनुराग कश्यप ने उन्हें अपने घर बुलाया था और उनका यौन शोषण किया था। अनुराग कश्यप ने इस मामले में बतौर सबूत वे सभी जरूरी कागजात पुलिस को सौंप दिए हैं, जिनसे पता चलता है कि अगस्त 2013 में वे अपनी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पूरे महीने श्रीलंका में थे।'उन्होंने बताया, 'अनुराग कश्यप ने साफ तौर से इनकार किया है कि कभी इस तरह की कोई घटना हुई भी थी और अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से भी इनकार किया है।'
मुंबई पुलिस ने जारी किया था अनुराग कश्यप को समन
मुंबई पुलिस ने अनुराग कश्यप को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। पुलिस ने समन में उनसे कहा था कि बिना इज़ाज़त वे मुंबई से बाहर नहीं जाएं। इससे पहले 22 सितंबर को एक एक्ट्रेस ने अनुराग के खिलाफ यौन शोषण का केस दर्ज करवाया था। उनका आरोप है कि अनुराग ने 2013 में उनका रेप किया था। फिलहाल इस मामले में मुम्बई पुलिस जांच कर रही है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द से जल्द दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा.