Mumbai
C60 कमांडोज़ और नक्सलियों में मुठभेड़, 13 नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बार्डर से लगे गढ़चिरौली जिले में शुक्रवार सुबह C-60 फोर्स के कमांडोज ने एक मुठभेड़ में 13 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में 7 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी के शव जवानों ने बरामद कर लिए हैं। इस हमले में 4-5 नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है।
गढ़चिरौली के DIG संदीप पाटिल ने बताया कि नक्सलियों के शव महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर स्थित गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली के कटीमा के जंगल से बरामद हुए हैं। पाटिल के मुताबिक, एटापल्ली में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर C-60 फोर्स के जवान सर्चिंग पर निकले थे। सुबह कोटमी वन क्षेत्र के पैड़ी में 50 से 60 नक्सली एकत्रित थे। जवानों के पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। जिसके बाद कई नक्सली वहां से भाग निकले।
मुठभेड़ के बाद C60 के जवानों ने सर्चिंग शुरू की तो शवों के अलावा खून के निशान भी मिले हैं। ऐसे में उम्मीद है कि इस मुठभेड़ में 4 से 5 नक्सली गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, इसलिए मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। जवानों ने मौके से AK-47, SLR राइफल, 303 राइफल, करबाइन, 12 बोर की राइफल और बड़ी मात्रा में विस्फोटक, तार का बंडल और अन्य सामान बरामद किया है।
2019 में नक्सली हमले में 15 जवान शहीद हुए थे
इससे पहले 3 मई 2019 को घात लगाकर बैठे 100 से ज्यादा नक्सलियों ने अचानक हमला किया था। गढ़चिरौली में हुए IED ब्लास्ट में 15 QRT जवान शहीद हो गए थे। इस दुर्दांत हमले के पीछे उत्तरी गढ़चिरोली के CPI (M) का कमांडर भास्कर हमले का मास्टर माइंड बताया गया था।